बलरामपुर

मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है-ओमप्रकाश
20-Feb-2023 9:02 PM
मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है-ओमप्रकाश

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला कार्यसमिति की बैठक 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 20 फरवरी।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक में मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं जिले का प्रभारी मनोज गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नवनियुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मपाल जायसवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मोर्चा के नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों का परिचय कराया।

वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवनाथ जायसवाल ने संबोधित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को आने वाले विधानसभा में ओबीसी मोर्चा के समस्त नवनियुक्त जिला व मंडल पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बलरामपुर के दोनों विधानसभा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को ही जिताना है तथा जन-जन तक कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी जन घोषणा पत्र को ओबीसी मोर्चा के हर कार्यकर्ता को पहुंचाना है तथा ओबीसी मोर्चा का आने विधानसभा में अहम भूमिका होना चाहिए तथा पूरी लगन व मेहनत के साथ इस प्रदेश के अंधी बहरी व गूंगी सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करना है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने सभी मंडल अध्यक्षों व पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सभी नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने अपने टीम का विस्तार करते हुए आने वाले 10 मार्च तक सभी पदों पर नियुक्ति करना सुनिश्चित करें तथा पूरी लगन व मेहनत के साथ आप सभी आगामी विधानसभा में भाजपा के प्रत्याशियों को जीताकर छत्तीसगढ़ में पुन: हम सभी मिलकर भाजपा की सरकार बनाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं को सभी घर-घर तक पहुंचाने का काम करना है तथा राज्य में बैठे भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकना है, जिसके लिए सभी तैयार रहें और आपसी मतभेद भूलकर एकमत होकर अपने हक की लड़ाई लडऩा है और भाजपा का विधायक बनाना है।

इस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री तथा बलरामपुर जिला प्रभारी मनोज गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं से परिचय कर पदनाम की जानकारी ली तथा सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि आने वाले 2023 कि विधानसभा चुनाव में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अहम भूमिका होना चाहिए क्योंकि छत्तीसगढ़ में 56 प्रतिशत ओबीसी मतदाता है तथा हमारे प्रधानमंत्री भी ओबीसी वर्ग से आते हैं जिस पर हमें गर्व होना चाहिए कि हम जिस मोर्चा पर काम कर रहे हैं उसका प्रधानमंत्री भी हैं, इसलिए सभी ओबीसी मोर्चा को आने वाले सभी चुनाव में बढ़-चढक़र काम करना है तथा सभी ओबीसी वर्ग में आने वाले समुदायों को केंद्र की 27 प्रतिशत आरक्षण को समझाना है और जागरूक कर भाजपा के विचारधाराओं से जोडऩे का काम करना है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने कार्यकारिणी का जल्द से जल्द विस्तार करना सुनिश्चित करें।

इस कार्यक्रम को व्यापारी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिला महामंत्री संजय सिंह, बरियो मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल, पिछड़ा वर्ग महामंत्री शैलेश गुप्ता, सभी मनचस्थ अतिथियों ने अपने वक्तव्यों से संबोधित कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम किया।

इस कार्यक्रम में कांग्रेस का सक्रिय तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता लगातार 25 वर्षों से देवीगंज पंचायत के उपसरपंच बद्री यादव ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के विचारों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का विचार बनाया तथा आज मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने शाल-श्रीफल व फूल माला से स्वागत करते हुए भाजपा की सदस्यता दिलाए।

कार्यक्रम का संचालन पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री दिलीप गुप्ता ने किया। अंत में जिला उपाध्यक्ष राम कुमार कुशवाहा ने आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।


अन्य पोस्ट