बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 21 अक्टूबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. लरंगसाय के जन्मदिवस के अवसर पर स्थानीय लरंगसाय चौक में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संभाग प्रभारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आर के पटेल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री लरंगसाय के द्वारा ही छत्तीसगढ़-झारखण्ड राज्य के मध्य कन्हर नदी पर अंतरराज्यीय पुल बनवाया गया था, वहीं रामानुजगंजवासियों के लिए पहली बार बिजली पानी की व्यवस्था भी नगर में उन्हीं के द्वारा कराई गई थी, वे क्षेत्र के विकास पुरुष थे।
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि लरंगसाय का रामानुजगंज से गहरा लगाव था, उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए, जिस कारण उनके जीवनकाल में ही उनके नाम से रामानुजगंज में लरंगसाय चौक स्थापित हो गया था।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष केशरी,पार्षद मुकेश जसवाल, राजेश सोनी, प्रमोद कश्यप विजय रावत, अनूप कश्यप, अंकित गुप्ता बॉलकेश प्रजापति सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


