बलरामपुर

गांजर के दर्जनों महिला-पुरुषों ने कांग्रेस की सदस्यता ली
07-Jun-2022 8:43 PM
गांजर के दर्जनों महिला-पुरुषों ने कांग्रेस की सदस्यता ली

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,7 जून। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम गांजर के दर्जनों महिला एवं पुरुषों ने कांग्रेस की रीति नीति एवं विधायक के द्वारा रामचंद्रपुर क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों से प्रभावित होकर आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान पुत्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार जिस प्रकार से जनहित में कार्य कर रहे हैं, इससे कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। लोग तेजी से कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। आज रामचंद्रपुर क्षेत्र के गांजर के दर्जनों महिला-पुरुष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

श्री सिंह ने कहा कि रामचंद्रपुर के विकास के नाम पर भाजपा के नेताओं के द्वारा सिर्फ छलावा किया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही रामचंद्रपुर क्षेत्र के तरक्की के द्वार खुले। आज रामचंद्रपुर क्षेत्र तेजी से तरक्की एवं विकास कार्य हो रहा है। आप लोगों के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से मुझे और हौसला एवं हिम्मत मिलेगा, मैं और बेहतर कर सकूं ऐसा प्रयास करूंगा।

जनपद सदस्य मोहम्मद बक्स ने कहा कि रामचंद्रपुर में एमबीबीएस डॉक्टर की मांग लंबे समय से की जाती रही है, परंतु सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। मुख्यमंत्री दौरे के दौरान जब क्षेत्रवासियों ने मांग की तो मांग के 4 दिन के अंदर यहां एमबीबीएस डॉक्टर की पदस्थापना कर दी गई, वहीं विकास के अनेकों कार्य विधायक के प्रयासों से हो रहे हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता सागर सिंह, व्यास मुनि यादव ने कहा कि विधायक के द्वारा जिस प्रकार से आम लोगों की समस्याओं का तेजी से निपटारा किया जाता है, क्षेत्र की तरक्की एवं विकास के लिए कार्य किया जा रहा है इससे लगातार लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़ रहे हैं।

कई दंपत्तियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की
ग्राम गांजर के दर्जनों महिला एवं पुरुष ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, वहीं कई दंपत्ति भी साथ में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने एक स्वर में कहा कि हम सब कांग्रेस की नीति रीति एवं विधायक के कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट