बलरामपुर

गौशाला ला रहे किसानों पर लाठी-डंडा से हमला, 2 गंभीर
18-Apr-2022 8:27 PM
गौशाला ला रहे किसानों पर लाठी-डंडा से हमला, 2 गंभीर

लावारिस मवेशियों द्वारा फसल चरने से परेशान थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,18 अप्रैल।
सेंदुर में खुले में छोड़ दिए गए मवेशियों के द्वारा किसानों के फसल को चरने से परेशान किसान 10-12 मवेशी को पकडक़र गौशाला ला रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों के द्वारा मवेशी चोरी करने का आरोप लगाते हुए रास्ते में लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं दो जान बचाकर भागे। रामानुजनगंज थाने में  अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।

ग्राम पंचायत सेंदुर के त्रिदेव सिंह पिता स्वर्गीय मदन सिंह, चंद्रदीप सिंह पिता कृष्णा सिंह, ओमप्रकाश सिंह पिता दुबराज सिंह, बृजेश सिंह पिता रामनरेश सिंह सभी अपने खेतों में लावारिस मवेशियों के द्वारा मक्का, मूंगफली, उड़द, गेहूं की फसल चरने से परेशान होकर शनिवार की रात की 11 बजे के करीब मवेशियों को देवगई गौशाला ला रहे थे।

इसी दौरान दादर भितयाही में सतनारायण, उदयभान, श्याम गोड़ के द्वारा त्रिदेव सिंह व चंद्रदीप सिंह पर मवेशी चोरी करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज एवं जान से मारने का धमकी देते हुए लाठी डंडे से बेदम पिटाई करने लगे, वहीं मौके से अन्य 2 लोग झाडिय़ों में छुप गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल त्रिदेव एवं चंद्रदीप को जिला अस्पताल बलरामपुर में भर्ती कराया गया। घटना पर रामानुजगंज थाने में धारा 294, 506, 323, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट