बलरामपुर

नहाय- खाय से शुरू हुआ चैती छठ
05-Apr-2022 7:59 PM
नहाय- खाय से शुरू हुआ चैती छठ

रामानुजगंज, 5 अप्रैल। सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ आज नहाय-खाय से प्रारंभ हो गया। भीषण गर्मी के बावजूद भी व्रतियों में चार दिन चलने वाले महापर्व को लेकर उत्साह है। व्रतियों के द्वारा कनहर नदी राम मंदिर घाट में डूबते एवं उगते सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा।

व्रतियों के कनहर नदी में जाने-आने के लिए आज अस्थाई रूप से रास्ते का निर्माण नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के द्वारा खुद खड़े होकर कराया गया, वहीं राम मंदिर घाट की साफ सफाई कराई गई।

गौरतलब है कि सूर्य उपासना के महापर्व छठ व्रत की अद्भुत छटा नगर में देखने को मिलती है। कार्तिक माह में छठ व्रत जहां नगर में विशेष धूमधाम से मनाया जाता है, वहीं चैती छठ भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु करते हैं। पड़ रही भीषण गर्मी के बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस बार चैती छठ कर रहे हैं। बीते 2 वर्षों से कोरोना के कारण बहुत लोग छठ व्रत नदी में नहीं कर पा रहे थे, परंतु इस बार श्रद्धालुओं में उत्साह है।

नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि व्रतियों के कनाडा नदी में आने जाने के लिए अस्थाई रूप से रास्ते का निर्माण एवं अस्थाई पुलिया का निर्माण कर दिया गया है, वहीं राम मंदिर घाट की साफ सफाई भी करा दी गई है।


अन्य पोस्ट