बलरामपुर
रामानुजगंज,14 मार्च। वन परिक्षेत्र रामानुजगंज के अंतर्गत बीते 6 दिनों से 7 हाथियों का दल विचरण कर रहा था, वहीं हाथियों के द्वारा कुछ गांव में आंशिक रूप से फसल को नुकसान किया गया।
बीती रात नगर के वार्ड क्रमांक एक में स्थित निजी फार्म हाउस एवं पुरानडीह में आंशिक रूप से फसल को नुकसान किया गया है। इसके बाद हाथी दल पलटन घाट कनहर नदी को पार करके झारखंड की ओर चले गए।
ज्ञात हो कि झारखंड से 6 हाथियों का झुंड कनहर नदी पार करके कनकपुर के जंगल में पहुंचा था, जिसके बाद से लगातार रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा था। कई बार हाथी रामानुजगंज की सीमा तक पहुंचे, परंतु रेंजर संतोष पांडे के नेतृत्व में वन अमले ने हाथियों को पुन: जंगल की ओर खदेड़ दिया जाता था, वहीं बीती रात भी हाथी ग्राम पुरानी एवं नगर के वार्ड क्रमांक एक में स्थित निजी फार्म हाउस में आंशिक रूप से फसल को नुकसान किया, वहां रखे पाइप को भी तोड़ा।
हाथियों का झुंड पलटन घाट से होते हुए झारखंड की ओर चला गया, जिसके बाद वन विभाग एवं स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


