बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 फरवरी। शहर में यातायात जाम अब रोजमर्रा की समस्या बन चुका है। बाजार क्षेत्र, बैंक शाखाएं, शैक्षणिक संस्थान और मंडी क्षेत्र—लगभग हर जगह सडक़ों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। सडक़ किनारे खड़े ऑटो, कार, जीप और दोपहिया वाहन न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो चालक कई बार कहीं भी वाहन खड़ा कर सवारी भरने लगते हैं, जिससे सडक़ पर अचानक जाम की स्थिति बन जाती है। छोटे-मोटे टकराव की घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं, जिनकी पुलिस में शिकायत भले ही दर्ज न हो, लेकिन इससे विवाद और ट्रैफिक बाधित होना आम बात हो गई है। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें अब रोज का दृश्य बन चुकी हैं।
ऑटो स्टैंड की व्यवस्था अब तक नहीं
जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार में करीब 60 से 70 ऑटो रिक्शा संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनके लिए अब तक एक भी अधिकृत स्टैंड विकसित नहीं किया गया है। नतीजतन मुख्य मार्गों के साथ-साथ मंडी रोड को जोडऩे वाली केडिय़ा व्यापार विहार सडक़ पर ऑटो रिक्शा सडक़ों के दोनों किनारों पर खड़े नजर आते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है।
कार्रवाई के अभाव से बढ़ रही समस्या
शहरवासियों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाहरी मार्गों पर तो नियमित कार्रवाई की जाती है, लेकिन शहर के भीतर अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई कम ही दिखाई देती है। इससे लोगों में असंतोष भी बढ़ रहा है।
14 वर्षों में भी नहीं बन सका व्यवस्थित पार्किंग स्थल
जिला बने लगभग 14 वर्ष बीत जाने के बावजूद शहर में अब तक कोई व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित नहीं किया जा सका है। बाजार आने वाले लोग मजबूरी में अपने वाहन सडक़ किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। लंबे समय से इस समस्या पर ठोस योजना के अभाव में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
बैंकों के बाहर भी पार्किंग का संकट
शहर में लगभग दो दर्जन बैंक संचालित हो रहे हैं, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। लेकिन अधिकांश बैंकों के पास ग्राहकों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते बैंक आने वाले लोग अपने वाहन सडक़ों पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इस ओर न तो बैंक प्रबंधन ध्यान देता है और न ही संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस पहल की गई है।
पार्किंग विकसित करने की योजना - सीएमओ
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि शहर में ऑटो और अन्य वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए देवरहा तालाब के सामने स्थित खाली शासकीय भूमि को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी और प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।


