बलौदा बाजार

देवांगन समाज ने सादगीपूर्ण व दहेज मुक्त विवाह कर पेश की मिसाल
03-Feb-2026 3:51 PM
देवांगन समाज ने सादगीपूर्ण व दहेज मुक्त विवाह कर पेश की मिसाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 3 फरवरी। आज के दिखावे और तडक़-भडक़ वाले दौर में देवांगन समाज तरेंगा राज ने सादगी और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए एक आदर्श विवाह का आयोजन किया। यह विवाह समारोह पलारी क्षेत्र के गातापार रणबोड़ स्थित मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।

समारोह की खास बात यह रही कि इसे पूरी तरह दहेज मुक्त रखा गया और किसी प्रकार के अनावश्यक खर्च से परहेज किया गया। वर और वधू पक्ष ने बिना किसी लेन-देन के सादगीपूर्ण तरीके से विवाह संपन्न कराया। कार्यक्रम में केवल आवश्यक धार्मिक रस्मों को ही महत्व दिया गया तथा भव्य सजावट और शोर-शराबे से दूरी रखी गई। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक एवं प्रदेश देवांगन समाज कल्याण के महासचिव परस देवांगन ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा-यह आदर्श विवाह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन पूरे प्रदेश में जिला, मंडल और राज स्तर पर किए जा रहे हैं और आगे भी समाज इस तरह के विवाहों को प्रोत्साहित करता रहेगा।

 

नवविवाहित जोड़े ने भी इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे इस तरह के सादगीपूर्ण विवाह का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं और अन्य युवाओं को भी दहेज मुक्त तथा सरल विवाह अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में तरेंगा राज के अध्यक्ष फेरूराम देवांगन, उपाध्यक्ष शिवकुमार देवांगन, परदेसी देवांगन, सचिव बलराम देवांगन, कोषाध्यक्ष नारायण देवांगन, आशीष देवांगन, युवा अध्यक्ष हर्ष देवांगन, जयप्रकाश देवांगन (समोदा), कृष्ण कुमार देवांगन सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सभी ने नवदंपति को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट