बलौदा बाजार

सहकारी कर्मियों की बेमुद्दत हड़ताल से धान खरीदी की तैयारी प्रभावित
13-Nov-2025 4:45 PM
सहकारी कर्मियों की बेमुद्दत हड़ताल से धान खरीदी की तैयारी प्रभावित

बलौदाबाजार, 13 नवंबर। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी इस बार सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से प्रभावित हो रही है।

राज्यभर के सहकारी समितियों के प्रबंधक, खरीदी प्रभारी और ऑपरेटर 3 नवंबर से चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। केंद्रीय सहकारी बैंक के कर्मचारी भी इसमें शामिल हैं।

हड़ताल का असर बलौदाबाजार जिले में भी दिखाई दे रहा है। जिले की 129 सहकारी समितियों के अधीन 166 खरीदी केंद्रों में से अधिकांश बंद हैं, और कई केंद्रों में ताले लगे हैं।

जिले में लगभग 1 लाख 65 हजार किसान पंजीकृत हैं तथा 1 लाख 59 हजार 267 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बुवाई हुई है।

शासन ने बलौदाबाजार जिले के लिए **9 लाख 15 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

 

खरीदी तैयारी में देरी

हड़ताल के चलते कई आवश्यक तैयारियाँ अधूरी हैं। खरीदी केंद्रों की सफाई, टोकन वितरण और हमाल मजदूरों की व्यवस्था अभी तक नहीं हो सकी है।

धान खरीदी सॉफ्टवेयर का ट्रायल रन भी पूरा नहीं हो पाया है, जिससे तकनीकी समस्याओं की संभावना बनी हुई है।

प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था

प्रशासन ने खरीदी व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटवारियों और कृषि विस्तार अधिकारियों को समिति प्रबंधन का कार्य सौंपा है। हालांकि, यह अस्थायी व्यवस्था भी कई स्तरों पर सीमित मानी जा रही है।

कृषि विभाग ने अपने कर्मचारियों को खरीदी प्रक्रिया में तैनात करने से इनकार किया है।

6 नवंबर को जारी पत्र में विभाग ने स्पष्ट किया है कि कृषि विस्तार अधिकारी वर्तमान में रबी फसल 2025-26 की तैयारियों में व्यस्त हैं, इसलिए उन्हें खरीदी कार्य से मुक्त रखा जाए।

एसडीएम दीपक निकुंज (पलारी) ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी तय समय पर प्रारंभ हो जाएगी। तैयारी पूरी हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से अन्य विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। धान खरीदी प्रभावित नहीं होगी।


अन्य पोस्ट