बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 सितंबर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम ) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। एनएचएम कर्मचारियों की कल स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ बैठक हुई। इस बैठक में सरकार के साथ उनके प्रस्तावों पर सहमति बनी। जिसके बाद प्रदेश भर के 16 हजार से ज्यादा आंदोलनरत एनएचएम कर्मी अब काम पर लौटेंगे।
ज्ञात हो कि कल हुई बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 4 मांगों को हमने माना है, 3 मांगों पर कमेटी बनाई है। तीन मांगों को उच्च स्तरीय बातचीत पर छोड़ा गया है। एनएचएम कर्मचारियों से बातचीत में अब हड़ताल खत्म करने पर सहमति बन गई है। जिन लोगों को बर्खास्त किया गया है, उनकी बहाली पर भी विचार हुआ है। जिन लोगों को एक माह का नोटिस मिला है अगर वे काम पर आते हैं तो उनका नोटिस भी रद्द हो जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के बाद देर शाम एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है। ये 4 मांगें हुई पूरी-जुलाई 2023 से 5 फीसदी वेतन वृद्धि लागू करना, 30 दिनों का वैतनिक अवकाश देना, वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता, 5 लाख रुपये तक का कैशलेस चिकित्सा बीमा इन 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मी थे हड़ताल पर प्रदेश भर के 16,000 से अधिक एनएचएम कर्मचारी अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीनहड़ताल पर थे। उनकी प्रमुख मांगें थीं: 1- संविलियन जॉब सुरक्षा, 2- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, 3- ग्रेड पे निर्धारण, 4- कार्यमूल्यांकन पध्दति में सुधार, 5-लंबित 27 फीसदी वेतन वृद्धि, 6-नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण, 7-अनुकंपा नियुक्ति, 8-मेडिकल या अन्य अवकाश की सुविधा, 9-स्थानांतरण नीति, 10-न्यूनतम 10 लाख चिकित्सा बीमा।


