बलौदा बाजार

विद्यार्थियों को मिलेगी हाईटेक लाइब्रेरी की सुविधा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 25 जुलाई। हाईटेक लाइब्रेरी में मिलने वाली सुविधाओं के लिए प्रदेश में अपनी पहचान बन चुके नालंदा परिसर का लाभ अब जिले के छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा। राज्य सरकार ने जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में अब नालंदा परिसर के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी हैं।
उपमुख्यमंत्री व नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री अरुण साव के 15 जुलाई को जारी पत्र के माध्यम से जब नगर वासियों को उक्त स्वीकृति की जानकारी मिली तो लोग उत्साहित हो गए। शासन ने अघोसंरचना मद से बलौदाबाजार में सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन 250 सीटर के लिए 441.49 लाख रुपए की स्वीकृति दी हैं। नगर वासियों ने उक्त स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री के साथ ही साथ नालंदा परिसर के लिए लगातार प्रयास कर रहे स्थानीय विधायक प्रयासों का भी आभार व्यक्त किया हैं। नालंदा परिसर के प्रारंभ हो जाने से अब छात्र-छात्राओं को एक बेहतरीन लाइब्रेरी के साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों का भी लाभ प्राप्त हो सकेगा।
जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में बीते वर्षों से नालंदा लाइब्रेरी प्रारंभ होने का इंतजार कर रहे नगर वासियों के लिए अब राहत भरी खबर है कि अब इसके निर्माण होने का रास्ता आसान हो गया है।
बलौदाबाजार में नालंदा परिसर के जल्द से जल्द प्रारंभ हो जाने के लिए स्थानीय विधायक द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था बीते दिनों राजस्व मंत्री ने कलेक्टर दीपक सोनी नपा अध्यक्ष अशोक जैन और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के कई स्थानों का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया गया था।
उन्होंने निर्माण हेतु उक्त स्थल सहित अन्य जरूरी निर्देश अधिकारियों को दिए थे। मंत्री ने सर्वप्रथम जिला मुख्यालय में निर्माण होने वाली नालंदा परिसर निर्माण हेतु वार्ड क्रमांक 20 स्थित 29 क्वार्टर के पास के स्थान को उपयुक्त मानते हुए स्थल निरीक्षण किया था। संभावना जताई जा रही थी कि अब यही 441.49 लाख रुपए की लागत से राजधानी रायपुर की तर्ज पर नालंदा परिसर का निर्माण होगा। परिसर में सुसज्जित 250 सीटर लाइब्रेरी के साथ इंटरनेट सहित कई सुविधाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश के जिलों में नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा हैं।
क्या-क्या होगा नालंदा परिसर में
छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा नालंदा लाइब्रेरी पुस्तकालय का निर्माण किए जाने के साथ नगर में सामान्य अध्ययन के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए वृहद संसाधन के रूप में पुस्तकों का भंडार मिलेगा व नगर के बुद्धजीवियों विद्यार्थियों व ज्ञान अर्जित करने वाले तमाम लोग इसका लाभ उठा रह सकेंगे। 24 घंटे सातों दिन वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी।
सिविल सर्विसेज के साथ मेडिकल इंजीनियरिंग कैट की तैयारी के साथ मैथ्स ओलिंपियाड के लिए भी किताबें यहां होगी। कैरियर गाइडेंस सेमिनार का अध्ययन आयोजन भी साथ-साथ पर किया जाएगा।
पांच वी के बाद बच्चों को नवोदय विद्यालय सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए तैयारी हेतु एक किड्स स्टडी जोन और किड्स लाइब्रेरी भी अलग से तैयार होगी। नालंदा परिसर में स्मार्ट लाइब्रेरी व स्टडी जोन होगा। हजारों किताबें के संग्रह के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के ही बुक एक्सेस करने की भी सुविधा होगी। स्मार्ट लर्निंग पर फोकस होगा। 24 गुना 7 वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी।