बलौदा बाजार

कलेक्टर की पहल, 900 महिला कर्मचारियों के हाथों में चुनाव कराने का जिम्मा
10-Feb-2025 9:24 PM
कलेक्टर की पहल, 900 महिला कर्मचारियों के हाथों में चुनाव कराने का जिम्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 10 फरवरी। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री का आज वितरण कर रवाना किया गया। बलौदा बाजार जिले में 900 महिला कर्मचारी चुनाव संपन्न कराएंगी।

नगरीय निकाय चुनाव  के तहत बलौदाबाजार जिले में एक नई पहल की गई है। यहां इस बार नगरीय निकाय चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों के हाथों में है। इस बार जिले के पोलिंग बूथों पर महिला शक्ति का एक अच्छा नजारा देखने को मिलेगा।  लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस तरह की पहल से महिलाओं में आत्म विश्वास बढ़ेगा।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

इस बार मतदान केंद्रों में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। उन्हें इसके लिए ट्रेनिंग भी दी गई है। उनकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

पोलिंग बूथों में व्यवस्थाओं को संभालना, चुनाव पूरा करवाना एक बड़ा टास्क होता है। ये टास्क इस बार बलौदा बाजार में नारी शक्ति के हाथों में है। यहां 10-20 नहीं बल्कि पूरे 181 मतदान केंद्रों में चुनाव संपन्न करवाती हुई महिलाएं ही दिखेंगी.चुनाव करवाने के लिए 900 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी अलग-अलग केंद्रों में लगाई गई हैं।

आज 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से जिले की 8 नगरीय निकायों के लिए चुनाव सामग्री लेकर महिला कर्मचारी रवाना हुर्इं।

181 मतदान केंद्रों में डलेंगे वोट

छत्तीसगढ़ में कल 11 फरवरी को नगरीय निकाय का चुनाव होगा। बलौदाबाजार जिले के विभिन्न नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में कुल 181 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कुल 900 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी और रिजर्व स्टाफ शामिल हैं. जिला प्रशासन ने इनके रहने-खाने से लेकर सुरक्षा तक के प्रबंध किए गए हैं. ताकि इन्हें किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

इसलिए लिया है निर्णय

इस बार चुनाव संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंपकर एक नई पहल की गई है। मानना है कि इससे मतदान प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी।

 दरअसल, निकाय चुनाव के बाद सीधे पंचायत चुनाव होंगे। ग्राम पंचायत शहर से दूर होने और चुनाव करवाने में महिला कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े. ऐसे में इस बार प्रशासन ने शहरों में महिलाओं के हाथों कमान दी गई है। प्रशासन का मानना ये भी है कि इस तरह के प्रयोग से महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। महिला कर्मचारियों को पहले से ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर पालिका परिषद भाटापारा में 31 वार्डों के लिए सबसे अधिक 61 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 300 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

वहीं नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में 21 वार्डों के लिए 30 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 128 महिला कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह, नगर पालिका परिषद सिमगा, नगर पंचायत पलारी, नगर पंचायत लवन, नगर पंचायत कसडोल, नगर पंचायत रोहांसी और नगर पंचायत टुंडरा में प्रत्येक 15-15 मतदान केंद्रों पर 76-76 महिला कर्मचारी तैनात की गई है।


अन्य पोस्ट