बलौदा बाजार

39.71 लाख क्विंटल धान की खरीदी, केंद्रों में 29.4 लाख क्विंटल जाम
23-Dec-2024 4:27 PM
39.71 लाख क्विंटल धान की खरीदी, केंद्रों में 29.4 लाख क्विंटल जाम

अब डीओ भी तेजी से काटे जा रहे हैं, मिलर्स की हड़ताल व बरदानों की कमी से प्रभावित हुई थी खरीदी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 दिसंबर।
जिले में धान खरीदी तेजी से चल रही है। अब तक 39 लाख 71 हजार 708 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। जिले के 129 समितियों के 166 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 10 लाख 36 हजार 808 क्विंटल ही धान का उठाव पाया है। यानी 29 लाख 34 हजार 900 क्विंटल धान खरीदी केद्रों में जाम पड़ा है।

जिला खाद्य विभाग ने बताया कि मिलर्स अब पंजीयन कर रहे हैं। डीओ भी जारी होने लगा है, अब परिवहन में तेजी आएगी। इस सत्र में धान खरीदी की शुरुआत से ही मिलर हड़ताल पर थे, जिसके कारण धान खरीदी में काफी परेशानी आ रही थी। 

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी गुणनिधि साहू ने बताया कि जिले के राइस मिल संचालकों का राज्य सरकार के साथ समझौता होने के बाद हड़ताल समाप्त हो गया है। जिसके बाद अब मिलर्स कस्टम मीनिंग के लिए पंजीयन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक पूरे जिले बलौदाबाजार जिले से 85 राइस मिलर्स ने कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन कराया है। 

बारिश से भी हुई दिक्कत 
पिछले दिनों समाप्त हुई राइस मिलरो की हड़ताल के चलते प्रदेश सहित पूरे जिले में धान का परिवहन प्रभावित हुआ है। हड़ताल के कारण बरदानों की कमी से भी और परिवहन व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ था। इसी बीच बारिश ने हालात और भी बिगाड़ दिए जिससे खरीदी केंद्रों पर धान के भंडारण की समस्या बढ़ गई है।

ट्रांसपोर्टिंग की ज्यादा समस्या 
जिले में 14 नवंबर से धान खरीदी की जा रही है। तब से लेकर आज तक जिले के धान खरीदी केंद्रों में बंपर लिमिट बना हुआ है। खरीदी केंद्रों में परिवहन की सबसे ज्यादा समस्या है। इस कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। बंफर लिमिट के बावजूद परिवहन को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। 

टोकन के अनुसार धान की खरीदी केंद्रों में प्रबंध हो रही है। किसी तरह ट्रांसपोर्टिंग की समस्या बनी रही तो आगामी सप्ताह में जिले के करीब 25 से 30 स्थान खरीदी केंद्रों में टोल बंद हो जाएगा। 

पहले 16 और 17 फीसदी नमी पर होती थी खरीदी
धान खरीदी को लगभग 39 दिन हो चुके हैं ऐसे में जब कई धान खरीदी केंद्रों से परिवहन किया जा रहा है तो पता चला कि धान में अभी से शॉर्टेज आने लगी है। खाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पहले 16 और 17 फीसदी  नमी को देखते हुए खरीदी होती थी। 

धान संग्रहण केंद्र में व्यवस्थाएं पूरी की गई
उन्होंने बताया कि इससे पहले धान संग्रहण केंद्र में व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थी ताकि वहां धान का स्टॉक किया जा सके। अब स्थिति सामान्य होने लगी है धान खरीदी चल रही है। इसके साथ ही परिवहन भी शुरू हो गया है। जिला खाद अधिकारी ने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया साथ के ही भौतिक सत्यापन शुरू किया गया है।
 


अन्य पोस्ट