बलौदा बाजार

मजदूर दिवस मनाएंगे तो उसे दिन की मजदूरी कौन देगा साहब...
01-May-2024 9:02 PM
मजदूर दिवस मनाएंगे तो उसे दिन की मजदूरी कौन देगा साहब...

बनिहार चौक पर काम के लिए रोज जुटते हैं मजदूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 मई। शहर के बजरंग चौक के पास स्थित मंडी चौक जिसे बनिहार चौक भी कहते हैं। सुबह 8 बजे 200 मजदूरों की भीड़ हाथ में हथौड़ी झोला और कंधे पर फावड़ा लिए एकटक निगाहें काम ढूंढती हुई नजर आती है। किसी गाड़ी के रुकते ही मजदूरों की भीड़ गाड़ी को घेर लेती है। कर में बैठे साहब की तरफ आंखों में यही उम्मीद लिए देखते हैं कि शायद आज का काम मिल जाए।

60 साल के राम प्रकाश घर बनाने में मजदूरी का काम करते हैं। रोजगार के बारे में पूछने पर कहते हैं -अपना घर चलाने के लिए दूसरों के घर मजदूरी करने वाले व्यक्ति के जीवन में बहुत कुछ उम्मीद नहीं रहती है, बस दो वक्त की रोटी और किसी तरह परिवार का पेट पाल जाए।

किसी भवन निर्माण में काम कर रही महिला सुमन बाई ध्रुव से जब मजदूर दिवस क्या होता है इसे कैसे मनाते हैं पूछा तो बोली इस दिवस के बारे में पता नहीं। मजदूर दिवस मनाएंगे तो उस दिन की मजदूरी कौन देगा साहब।

जिले में 1 लाख 5 हजार संगठित व 48 हजार 929 असंगठित मजदूर

श्रम विभाग की माने तो जिले में कुल 1 लाख 54 हजार 275 मजदूर पंजीकृत हैं। जिसमें 1 लाख 5 हजार 346 संगठित पंजीकृत तथा 48 हजार 929 असंगठित पंजीकृत मजदूर हैं इसके अलावा जिले में स्थापित सीमेंट संयंत्रों निजी क्षेत्र छोटी-मोटी दुकानों में 25 हजार से अधिक मजदूर कार्यरत हैं। जो अपने परिवार का पेट पालन करते हैं। जिसमें सबसे ज्यादा बलौदाबाजार ब्लॉक में 35 हजार 358 तथा सिमगा ब्लॉक में सबसे कम 17 हजार 149 हजार मजदूरों का पंजीयन हुआ है। वही कसडोल में 22 हजार 521 बिलाईगढ़ में 29 हजार 834 पलारी में 26 हजार 634 तथा भाटापारा 24 हजार 517 पंजीकृत श्रमिक है।लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ सिर्फ 30त्न मजदूरों को ही मिल रहा है।

चॉइस सेंटर में ठगा जाता है मजदूर

ग्राम लटुवा निवासी किशोर यादव, खपराडीह निवासी सुरेश वर्मा, लाहौद निवासी सुंदरलाल पैकरा जैसे युवा श्रमिकों के आरोप पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं। इनका कहना है कि चॉइस सेंटरों के संचालकों के द्वारा 300 से 500 करीब मजदूरों से ले लिए जाते हैं। जिन पंजीकृत मजदूरों का पैसा खाते में आना होता है, उसे कमीशन एजेंट कमीशन लेते हैं।

योजनाओं की दी जाएगी जानकारी -श्रम अधिकारी

श्रम अधिकारी आजाद सिंह पात्रे का कहना है कि कई मजदूर जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। शिविर लगाकर जानकारी दी जाएगी।


अन्य पोस्ट