बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 जनवरी। बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी की प्रगति को लेकर किसानों में चिंता देखी जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन धान खरीदी की निर्धारित सीमा में वृद्धि नहीं होने के कारण जिले में निर्धारित खरीदी लक्ष्य तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। शासकीय अवकाशों को छोडक़र वर्तमान में धान खरीदी के लिए लगभग 12 दिन शेष हैं, जबकि जिले के 56 हजार से अधिक किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा जा सका है।
जानकारी के अनुसार, अधिकांश समितियों में 30 जनवरी तक के ऑनलाइन टोकन पहले ही जारी हो चुके हैं। वहीं, शासन द्वारा ऑनलाइन टोकन की सुविधा बंद किए जाने के बाद कई किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है। टोकन के अभाव में किसान समितियों में पहुंच रहे हैं। कुछ समितियों से किसानों और कर्मचारियों के बीच विवाद की घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है। गुमा, शिकारी और केसली समितियों के नाम इस संदर्भ में बताए जा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि प्रतिदिन की धान खरीदी सीमा में शीघ्र वृद्धि नहीं की गई, तो समितियों में स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाओं की आवश्यकता पड़ सकती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2025 में 13 जनवरी तक जिले में 69,40,640 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी थी, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में 54,96,738 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है। इस वर्ष पंजीकृत रकबे के आधार पर अनुमानित धान खरीदी लगभग 90,32,692 क्विंटल बताई जा रही है।
कृषि से जुड़े लोगों का कहना है कि धान की बिक्री से प्राप्त राशि किसानों के वार्षिक खर्चों का प्रमुख आधार होती है। ऐसे में खरीदी में देरी होने से किसानों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। पिछले वर्ष जिले में कुल 85,55,213 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 54,96,738 क्विंटल धान की खरीदी हो सकी है। इस प्रकार अब भी बड़ी मात्रा में धान की खरीदी शेष है।
धान खरीदी प्रारंभ होने पर जिले की प्रतिदिन खरीदी सीमा 1,57,200 क्विंटल निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,82,350 क्विंटल किया गया। जानकारों के अनुसार, शेष अवधि में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन की खरीदी सीमा और बढ़ाए जाने की आवश्यकता हो सकती है। किसानों के पंजीयन के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष जिले में 1,42,843 किसानों से धान खरीदा गया था। इस वर्ष 1,66,900 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 1,10,626 किसानों का धान खरीदा जा सका है। इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बलौदाबाजार के नोडल अधिकारी गुणनिधि साहू ने कहा कि जिले में प्रतिदिन की धान खरीदी सीमा बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है और संभावना है कि एक-दो दिनों में इसमें वृद्धि की जाएगी।


