ताजा खबर

अमित शाह शुक्रवार रात असम के जोरहाट पहुंचेंगे
14-Mar-2025 12:33 PM
अमित शाह शुक्रवार रात असम के जोरहाट पहुंचेंगे

गुवाहाटी, 14 मार्च। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार रात असम के जोरहाट पहुंचेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जोरहाट पहुंचने के तुरंत बाद शाह गोलाघाट जिले के देरगांव जाएंगे, जहां वह लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में रात्रि विश्राम करेंगे।

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह शाह मिजोरम रवाना होने से पहले अत्याधुनिक पुलिस अकादमी का उद्घाटन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम में शाह असम राइफल्स कार्यालय को आइजोल से जोखावसांग स्थानांतरित करने के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे जो राज्य की राजधानी से लगभग 15 किलोमीटर दूर है।

शाह दिन में बाद में गुवाहाटी लौटेंगे और कोइनाधारा स्थित राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार की सुबह गृह मंत्री ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन (एबीएसयू) के 57वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए असम के कोकराझार जिले के डोटमा के लिए रवाना होंगे।

शाह दोपहर में गुवाहाटी लौटेंगे और पूर्वोत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भारतीय न्याय संहिता की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक राज्य बीएनएस के अब तक के कार्यान्वयन पर जानकारी प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने कहा कि शाह रविवार रात को नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। (भाषा)

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news