ताजा खबर
रायपुर, 3 फरवरी। पुरानी विधानसभा इलाके के ग्राम टेकारी में आयोजित मढ़ई मेले के दौरान सरपंच चंद्रकांत वर्मा पर जानलेवा हमला करने वाले दो मुख्य आरोपियों ईश्वर प्रसाद विश्वकर्मा (31) और मनीष विश्वकर्मा (28) को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है। जबकि मुख्य आरोपी गजेन्द्र वर्मा और अन्य तीन आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घटना की तिथि 30 जनवरी 2026 की रात मढ़ई मेले के दौरान हुई थी। ग्राम टेकारी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन सरपंच चंद्रकांत वर्मा कर रहे थे। रात लगभग 04:30 बजे कुछ युवकों ने जानबूझकर मंच के पास पहुँचकर कार्यक्रम में व्यवधान डालना शुरू कर दिया। इस दौरान ईश्वर प्रसाद और मनीष विश्वकर्मा सहित अन्य आरोपियों ने सरपंच चंद्रकांत वर्मा के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने लोहे के रॉड, हाथ और पैरों से सरपंच पर हमला किया। मुख्य आरोपी गजेन्द्र वर्मा ने लोहे की मोटी रॉड से सरपंच के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना को देखते हुए कुछ स्थानीय ग्रामीण जैसे कामेश वर्मा, यशवंत धीवर और यशकांत वर्मा बीच-बचाव में आए और पीड़ित सरपंच को उनके चंगुल से बाहर निकाला। इसके बावजूद आरोपियों ने उन पर भी हाथ उठाया और गाली-गलौज जारी रखी। पीड़ित सरपंच की रिपोर्ट पर पुलिस ने अप. क. 38/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। जांच में धारा 109(1), 296, 115(2), 351(2), 191(3) भा.न्या.सं. अंतर्गत अपराध पाये गए। प्रारंभिक जांच में धारा 3(5) भा.न्या.सं. हटा दी गई। पुलिस ने ईश्वर प्रसाद और मनीष विश्वकर्मा को आज 03 फरवरी 2026 को दोपहर 2:15 और 2:20 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को दी गई। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


