ताजा खबर
-सीटू तिवारी
बिहार में नई सरकार ने अपना पहला बजट पेश किया. 79 साल के वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने इसे पेश किया और ये महज़ 11 मिनट 35 सेकंड का था.
2005 से सत्ता में नीतीश कुमार की सरकार का ये सबसे छोटा बजटीय भाषण था.
बिहार में इस बार का बजट आकार 3.47 लाख करोड़ है जो पिछली बार के बजट आकार 3.16 लाख करोड़ से 30,000 करोड़ ज़्यादा है.
वित्त सचिव आनंद किशोर ने बजट भाषण के बाद प्रेस वार्ता में कहा, "इस बजट के इंडस्ट्रियलाइजेशन पर सबसे ज़्यादा फ़ोकस है. इसके अलावा शहरी इलाकों का विकास, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा भी सरकार के एजेंडा में शामिल है."
हालांकि विभागीय आवंटन देखें तो उद्योग विभाग में योजना व्यय महज़ 3200 करोड़ रुपये है.
बजट में नीतीश सरकार द्वारा घोषित 'सात निश्चय पार्ट थ्री' पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है.
'सात निश्चय पार्ट थ्री' में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करना, एक करोड़ रोज़गार, महिला को सशक्त बनाने, सबका जीवन आसान बनाने जैसे संकल्प शामिल हैं.
वित्त मंत्री विजेंद्र यादव से जब पत्रकारों ने छोटे बजट भाषण के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, "लंबा भाषण देने से क्या होगा. सारी बातें तो पहले ही आ गई हैं."


