‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 17 जनवरी। गरियाबंद जिले के जमतई मार्ग में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार में 7 लोग सवार थे। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी एंबुलेंस 108 और पुलिस को दी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य को हल्की चोट लगी है। घटना पांडुका थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को रायपुर से 7 युवक इनोवा कार में सवार होकर जतमई स्थल घूमने आए थे।
बताया जा रहा है कि युवकों ने पहले जतमई घूमें। इसके बाद तौरेंगा जलाशय में पिकनिक मनाने के बाद शाम करीब 6.30 बजे वापिस लौट रहे थे। इस दौरान उनकी इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार सभी लोग नशे में धुत थे। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीर और तौरेंगा गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस संजीवनी 108 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस 108 से पांडुका अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में तीन युवकों को गंभीर चोट लगी है, वहीं बाकी के युवक को हल्की चोट आई है। कार चालक संजू सेन ने बताया कि वे घर जाने के लिए निकले थे। इस दौरान सामने बैठे युवक ने अचानक गाड़ी का गेयर चेंच कर दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।
सांकेतिक बोर्ड लगाने की जरूरत
बताया जा रहा है कि जिस जगह यह हादसा हुआ है उसके पास ही अंधा तोड़ है। इसके साथ सडक़ निर्माण का कार्य अधूरा है। मोड़ के पास किसी भी प्रकार से सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाया गया और न ही डिवाईडर या बैरिकेट्स लगाया गया है। जिसके कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी है। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने मांग किया है कि उक्त स्थल पर बैरिकेट्स और सांकेतिक बोर्ड लगाया जाए।