विचार / लेख

अब महिलाएं भी पुरुषों के बराबर आकर खड़ी हो रहीं
03-Nov-2023 4:45 PM
अब महिलाएं भी पुरुषों के बराबर आकर खड़ी हो रहीं

  अपूर्व झा

सोशल मीडिया के एक पोस्ट पर नजर पड़ी। जिसमें रील्स बनाने वाली किसी लडक़ी के शादी का विज्ञापन था। जिसमें लडक़ी की तरफ से मांग थी कि लडक़े का चेहरा फोटोजेनिक होना चाहिए। वो लडक़ी के साथ रील्स बना सके। लडक़े का संयुक्त परिवार ना हो। लडक़े को वीडियो एडिटिंग आनी चाहिए। और कुछ फिल्म या वेब सीरीज का भी जिक्र किया गया था। जिससे समझा जा सके कि लडक़ी को किस तरह का लाइफ पार्टनर चाहिए। इससे सम्बंधित और भी कुछ मांग थी। मुझे ठीक से याद नहीं।

कुछ लोग उस विज्ञापन को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लडक़ी का माखौल उड़ा रहे हंै। और नीचे कमेंट सेक्शन में भी लोग चटकारे लेकर तरह-तरह के कमेंट लिख रहे हैं। जबकि मेरा मानना है कि लडक़ी ने बहुत अच्छा किया कि शादी से पहले ही अपनी सारी प्राथमिकता बता दी। आपको पसंद है तो ठीक, वरना आप अपने रास्ते और लडक़ी अपने रास्ते। मैंने निजी जिंदगी में कई ऐसी शादियां देखी है जिसमें लडक़ी और लडक़े दोनों का जीवन नरक से भी बदतर बना हुआ है। मैं इसकी सबसे बड़ी वजह झूठ के बुनियाद पर हुई, शादी को मानता हूँ। अरे, मेरा लडक़ा कुछ भी खाता-पीता नही है। सुपारी तक नहीं खाता। पचास हजार सैलेरी है। शादी के बाद पता चलता है कि लडक़ा ठीक से बात तक नहीं कर पाता क्योंकि चौबीस घंटे पुडिय़ा मुंह में ठुसे रहता है। शाम होते ही शराब की तलब जग जाती है। पन्द्रह हजार की सैलरी को पचास हजार बता दिया गया था। लडक़ा या लडक़ी पहले से किसी दूसरी महिला या पुरूष से रिलेशनशिप में है।  अक्सर ऐसी बातें छुपा ली जाती हैं। आप पार्टी लवर हैं। आपको देर रात तक मौज-मस्ती करना पसंद है। आपको ऐसा लाइफ पार्टनर मिल गया या मिल गई जो शाम सात बजे के बाद घर से बाहर ही नहीं निकलता या निकलती है। आप ओपेन माइंडेड हैं। आपका पति या पत्नी इस वजह से आप सदैव शक करती या करता है।

ऐसे कई कारण है। जिन्हें अरेंज मैरेज में अक्सर बड़े बुजुर्ग छुपा लेते हैं। कई बार तो लव मैरिज में भी लडक़े या लडक़ी कई बातें नहीं बताते। जिसका बाद में पता चलने पर पति-पत्नी में कलह शुरू हो जाती है। चूंकि हमारा समाज पुरुष प्रधान है। इसलिए पहले महिलाओं को ही मन मारना पड़ता था। वो ही अरजेस्ट करती थीं। वक्त बदला, अब महिलाएं भी पुरुषों के बराबर आकर खड़ी हो रही हैं। वो भी अपनी पसंद या नापसंद जाहिर कर रही हैं। इससे आपको क्या दिक्कत है? उसने अपनी पसंद बता दी। आपको पसंद है तो ठीक, वरना आप अपने रास्ते, वो अपने रास्ते।

मैंने गाय बताकर बिहाई गई लड़कियों द्वारा नाक से नीचे एक बीता भर घूंघट लेकर सास-ससुर को ऐसी-ऐसी गालियां, यहाँ तक कि मारते भी देखा है। वहीं ऐसे पुरूष भी देखे हैं जिनके बारे में शादी से पहले बताया गया कि वो हीरा है हीरा और लडक़े ने सारे अवगुणों पर पीएचडी कर रखी है। इससे अच्छी ये लडक़ी है। जिसने पहले से अपनी प्राथमिकता बता दी है। आपको पसंद है तो आगे बढि़ए। वरना कोई जोर जबर्दस्ती तो है नहीं।


अन्य पोस्ट