सरगुजा
6 माह में अभिदाय वसूली के साथ 11 सौ नए संस्थान के 25 हजार मजदूरों को मंडल से जोड़ा गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 15 जुलाई। श्रम कल्याण मंडल ने कोरोना काल में नया इतिहास रचा है। पिछले 6 महीने में रिकार्ड दो करोड़ पैसठ लाख रुपये अभिदाय वसूली के साथ साथ 11 सौ नए संस्थान के 25 हजार मजदूरों को श्रम कल्याण मंडल से जोड़ा है।
श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफ़ी अहमद ने मंडल के कार्यो की समीक्षा की। श्रम विभाग के वेब पोर्टल पर वर्ष 2017 से मंडल में पंजीकृत संस्थानों की पूरी जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने सभी मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अपने कार्य क्षेत्र के जिन संस्थाओं ने पंजीकृत मजदूरों की संख्या के अनुसार प्रति श्रमिक निर्धारित 120 रुपये अभिदाय के अनुरूप जमा नहीं कराया है उन पर नियमानुसार कार्यवाही करें। अगली बैठक में संस्थान,पंजीकृत मजदूरों की संख्या और संस्थान द्वारा जमा अभिदाय की समीक्षा की जाएगी। जिन संस्थानों में दस या दस से अधिक श्रमिक कार्य कर रहे हैं उन पर कड़ी निगरानी रखें और उनका पंजीयन कराएं जिससे वहां कार्यरत मजदूरों और उनके परिजनों को मंडल की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में श्रम कल्याण आयुक्त ने बताया कि कोरोना काल की विषम परिस्थितियों के बाद भी पिछले 6 माह में 11 सौ नए संस्थान के 25 हजार श्रमिको को मंडल से जोड़ा गया है। इस अवधि में मंडल के गठन के बाद से अब तक की सर्वाधिक दो करोड़ पैसठ लाख रुपये अभिदाय राशि वसूल किया है। मंडल अध्यक्ष शफी अहमद ने अधिकारियों ,कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और आगे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।


