सरगुजा

सरगवां और रीरी को राष्ट्रीय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार
24-Apr-2021 9:44 PM
सरगवां और रीरी को राष्ट्रीय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में पंचायती राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल को वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2021 की घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सरगुजा जिले के अम्बिकापुर जनपद के ग्राम पंचायत सरगवां और लुण्ड्रा जनपद के ग्राम पंचायत रीरी को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों पंचायतों को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि पंचायतों के बैंक खाता में एक क्लिक से अन्तरित किया।

छतीसगढ़ को देश मे दूसरा स्थान हासिल होने के साथ कुल 12 पुरस्कार प्राप्त हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने वर्चुअल माध्यम से सांकेतिक रूप में केंद्र सरकार से पुरस्कार ग्रहण की। उन्होंने राष्ट्रीय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार प्राप्त होने पर पंचायतों सहित जिले और प्रदेशवासियों को बधाई दी।

इस अवसर पर कलेक्टर संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत के उप संचालक यशपाल प्रेक्षा, सरगंवा सरपंच मीना हरिना तथा ग्राम पंचायत रीरी के सरपंच मुकेश्वर तिर्की भी एनआईसी अम्बिकापुर से जुड़े हुए थे। कलेक्टर ने दोनों ग्राम पंचायत के सरपंचों के साथ ही जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायतों में बेहतर कार्य कर सशक्त बनाएं।

उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2011 में किया गया था। यह पुरस्कार सामान्य श्रेणी में समग्र सुशासन के लिए सभी तीनों स्तरों जिला, मध्यवर्ती एवं ग्राम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पंचायतों को दिया जाता है।


अन्य पोस्ट