सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 1अप्रैल। नगर की करीब 25 हजार की आबादी में पेयजल संकट को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल की मांग पर क्षेत्रीय विधायक बृहस्पत सिंह के विशेष सहयोग से छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नगर में आवर्धन जल प्रदाय योजना अनुमानित लागत 13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिवस में इस योजना की स्वीकृति प्राप्त होने से नगर वासियों में हर्ष व्याप्त है, वहीं नगर वासियों ने विधायक बृहस्पत सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल का आभार माना।
गौरतलब है कि नगर की जल प्रदाय व्यवस्था 40 वर्षों पुरानी होने कारण वर्तमान में नगर पंचायत क्षेत्र में बड़ी आबादी एवं नई बसाहट के हिसाब से नियमित पर्याप्त जल प्रदाय किया जाना संभव नहीं हो पा रहा था। इस बीच नगर पंचायत अध्यक्ष की मांग पर क्षेत्रीय विधायक के सहयोग से नगर को आवर्धन जल प्रदाय योजना अनुमानित लागत 13 करोड़ रुपय की प्रशासकीय स्वीकृति लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा प्रदान कर दिए जाने से अब आने वाले समय में नगर को जल संकट से छुटकारा मिल सकेगा। आवर्धन जल प्रदाय योजना करीब 2 वर्ष में पूर्ण होगा। इस योजना के पूर्ण हो जाने के बाद नगर को 20-25 वर्षों तक भरपूर पेयजल मिल सकेगा।
बनेगी नई पानी टंकी, पाइप लाइन का होगा विस्तार
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1, 3 एवं 13 जनसंख्या एवं क्षेत्रफल की दृष्टि से बड़े वार्ड हैं। इन वार्डों में पेयजल संसाधन का व्यापक अभाव है। इस बात को ध्यान रखते हुए यहां पर पानी टंकी का निर्माण नवीन स्वीकृत आवर्धन जल प्रदाय किया गया है। इन वार्डों में पानी टंकी बन जाने से इन वार्डों के साथ-साथ पड़ोस के वार्डों में भी भरपूर पानी मिल सकेगा। श्री अग्रवाल ने बताया कि नगर के वार्ड क्रमांक 1 से वार्ड क्रमांक 15 तक आवश्यकता अनुसार पाइप लाइन का भी विस्तार होगा।
पुरानडीह नर्सरी के समीप
बनेगा नया इंटकवेल
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नगर वासियों को स्वच्छ जल प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत पुरानडीह में स्थित नर्सरी के समीप नया इंटक वेल बनेगा, जहां से स्वच्छ जल लिफ्ट करा कर पानी टंकी तक जाएगा यहां से नगर वासियों को जल प्रदाय किया जाएगा।
मुख्यमंत्री एवं विधायक का नगर पंचायत अध्यक्ष ने माना आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगर में आवर्धन जल प्रदाय योजना स्वीकृत करने के लिए क्षेत्रीय विधायक बृहस्पत सिंह एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार माना। नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नगर पंचायत के पार्षदों एवं नगर वासियों ने नगर को बड़ी सौगात मिलने के बाद विधायक का अभिनंदन किया।
इस संबंध में नगर पंचायत के वरिष्ठ पार्षद अशोक जायसवाल ने कहा कि नगर के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्रीय विधायक के सहयोग से नगर वासियों के भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य होंगे। श्री जायसवाल ने कहा कि नगर वासियों से जो भी वादा किया गया है उसे पूरा किया जाएगा।