सरगुजा

राजपुर, 15 मार्च। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकेश साहू पर कांग्रेसियों द्वारा प्रकरण दर्ज कराने के बाद मामला गर्म हो गया है। मामले को लेकर आज भाजपा के पदाधिकारियों ने नगर रेस्ट हाउस के सामने धरना प्रदर्शन कर प्रकरण को रद्द करने को लेकर पुलिस अधीक्षक के नाम राजपुर एसडीएम को लिखित ज्ञापन सौंपा है।
भाजपा ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के नवनियुक्त भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकेश साहू के प्रवास कार्यक्रम के दौरान 12 मार्च को राजपुर की आमसभा के बयान को लेकर सत्तापक्ष के दबाव में राजपुर पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, भारतीय संविधान में प्रदत्त इस मूलाधिकार के हनन का प्रयास भारतीय लोकतंत्र के लिए घातक है। जिससे पुलिस प्रशासन की छवि लगातार धूमिल हो रही है।पूर्व में भी राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम के नेतृत्व में इस तरह की ज्यादतियों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद भी लगातार राजनीतिक द्वेष की भावना से ग्रसित होकर सत्ता शासन का दुरूपयोग करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर भयादोहन का प्रयास निंदनीय है।
भाजपा ने उक्त झूठे प्रकरण को रद्द कर इस तरह की द्वेषपूर्ण राजनीतिक कार्यवाही पर रोक लगाते हुए सत्ता पक्ष के दुरूपयोग को रोके जाने की मांग की है, अन्यथा भारतीय जनता पार्टी प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री रितेश गुप्ता के नेतृत्व में पूर्वसंसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा,पूर्व जिलाध्यक्ष शिवनाथ यादव,जिला उपाध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल मण्डल अध्यक्ष अनिल कुमार दुबे,युवा मोर्चा जिला प्रभारी बलवंत सिंह ,धीरज सिंह पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष कमला प्रसाद सिंह, गौरव उपाध्याय सुभम सोनी सहित पूरे बलरामपुर जिले के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, महिला मोर्चा के कार्यकर्ता,सहित सभी मण्डल के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा के जिला महामंत्री दीपक मित्तल के द्वारा किया गया ।