सरगुजा

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन, लंगर
05-Nov-2025 10:13 PM
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन, लंगर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,5 नवंबर। गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, अंबिकापुर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। सुबह से ही संगतजन गुरुद्वारा साहिब पहुंचने लगे और पूरा परिसर ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 से 12 बजे तक ज्ञानी छतर सिंह जी एवं जत्थेदार साथियों द्वारा रसपूर्ण शबद कीर्तन से हुई, जिसमें उन्होंने गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संदेश देते हुए उपस्थित संगत को निहाल किया। इसके पश्चात महिलाओं एवं बच्चों द्वारा 12 से 1.30 बजे तक विशेष शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को और भी पवित्र और प्रेरणादायी बना दिया।

इसके बाद शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने मंच से गुरु नानक देव जी के जीवन, उपदेशों और देशभक्ति की भावना पर सरदार जतिंदर सिंह सोढ़ी डॉ. हर्षप्रीत सिंह टुटेजा सरदार महेंद्र सिंह टुटेजा,अजय मिश्रा, चंद्र भूषण मिश्र ने अपने विचार रखे। तथा सांसद चिंतामणि महाराज, भूतपूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, कलेक्टर विलास भोसकर,एसएसपी राजेश अग्रवाल, एडिशनल एसपी अमोलक सिंघ ढिल्लों, महापौर मंजूषा भगत,सभापति स. हरमिंदर सिंह ने समस्त नगर वासियों को गुरुपर्व की शुभकामनाएं दीं। सभी वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी को मानवता, सत्य, सेवा और समानता के प्रतीक के रूप में नमन किया।

कार्यक्रम के उपरांत गुरु का पवित्र लंगर दोपहर 12 बजे से निरंतर चलता रहा, जिसमें नगर के सभी वर्गों के लोगों ने बड़ी श्रद्धा और प्रेम से भाग लिया।

 लंगर में शामिल होना एकता और भाईचारे का सजीव प्रतीक बना।


अन्य पोस्ट