सरगुजा

ढलान पर पलटी स्कूली बच्चों से भरी ऑटो, एक नाजुक
28-Nov-2026 9:30 PM
ढलान पर पलटी स्कूली बच्चों से भरी ऑटो, एक नाजुक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 नवंबर। स्कूली बच्चों से भरी एक इलेक्ट्रिक ऑटो सेमरघुटरी के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ वर्षीय छात्र शिवम राजवाड़े और 12 वर्षीय छात्रा निधि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को  मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। इनमें शिवम की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मूडेसा निवासी राम प्रताप राजवाड़े का आठ वर्षीय पुत्र शिवम राजवाड़े कक्षा तीसरी का छात्र है। वह हर्राटिकरा स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में अध्ययनरत है। शुक्रवार को शिवम इलेक्ट्रिक ऑटो से स्कूल जा रहा था। ऑटो में उसके साथ मेड्राकला निवासी 12 वर्षीय छात्रा निधि सिंह सहित चार-पांच अन्य स्कूली बच्चे भी सवार थे।

बताया जा रहा है कि सभी बच्चे स्कूल जा रहे थे, तभी सेमरघुटरी के पास ढलान पर पहुंचते ही इलेक्ट्रिक ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में शिवम और निधि को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य बच्चों को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद घायल बच्चों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। आठ वर्षीय शिवम की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


अन्य पोस्ट