सरगुजा

असम में बेदखली के नाम पर मुस्लिम परिवारों को निशाना बनाना चिंताजनक - परवेज गांधी
28-Nov-2026 9:27 PM
असम में बेदखली के नाम पर मुस्लिम परिवारों को निशाना बनाना चिंताजनक - परवेज गांधी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 नवंबर। कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने असम में बेदखली अभियान के नाम पर मुस्लिम परिवारों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार की बुलडोजर कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की आड़ में यदि किसी विशेष समुदाय के घर और आजीविका उजाड़ी जा रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि बेदखली से प्रभावित महिलाओं और बच्चों को खुले आसमान के नीचे रहना पड़ रहा है। उनके सामने पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का संकट है। कानून का पालन सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी नागरिक के साथ धार्मिक या भाषाई पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।

परवेज गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मानवीय गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास के नारे के बीच गरीबों, अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ लोगों को बेघर करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित आवास, सम्मान और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है।

सरकार को संविधान के दायरे में रहकर नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट