सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 नवंबर। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और मानव सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी द्वारा रविवार को आरएसडीकेएस शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में विश्व रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया। ‘फसह के प्रेम के द्वारा जीवन देने के लिए 2015वीं विश्व रक्तदान ड्राइव’ के तहत आयोजित इस शिविर में 117 लोगों ने रक्तदान किया। इनके माध्यम से कुल 27 हजार 200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम में चर्च के सदस्यों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में लगभग 240 लोग पहुंचे। चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से चिकित्सकीय स्टाफ, रक्तदान से संबंधित आवश्यक सामग्री और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। रक्तदाताओं की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच, रक्त परीक्षण और रक्तचाप मापने सहित सभी प्रक्रियाएं चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित तरीके से पूरी की गईं।
चर्च ऑफ गॉड के प्रतिनिधि किरण चौहान (केविन) ने कहा कि यीशु मसीह ने मानवता के कल्याण और अनंत जीवन का संदेश दिया था। उनके प्रेम और बलिदान की भावना से प्रेरित होकर संस्था रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करने का प्रयास कर रही है। रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी को नया जीवन देने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ल्ड मिशन सोसाइटी चर्च ऑफ गॉड हमेशा समाजसेवा के कार्यों में तत्पर रहती है। रक्तदान जैसे आयोजन से जरूरतमंद मरीजों को बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने भी रक्तदान शिविर को पुण्य और जीवनदान देने वाला सराहनीय कार्य बताया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आरसी आर्य, असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जीके दामले और सिविल सर्जन डॉ. जेके रेलवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वाले लोगों ने इसे मानव सेवा का अवसर बताया। सत्यदीप टोप्पो ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है, इससे बड़ा संतोष कुछ नहीं हो सकता। रेशमा खेस ने कहा कि दूसरों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान कर उन्हें खुशी महसूस हो रही है। वहीं प्रबोध कुजुर और पवन तिग्गा ने भी रक्तदान को जरूरतमंदों की सहायता और मानवता की सेवा का माध्यम बताया।
68 देशों में संचालित है अभियान
चर्च ऑफ गॉड का रक्तदान अभियान वर्ष 2005 में दक्षिण कोरिया से शुरू हुआ था। वर्तमान में यह अमेरिका, जर्मनी, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे सहित 68 देशों में संचालित किया जा रहा है। संस्था के अनुसार सितंबर तक दुनिया भर में इस अभियान के 1,890 आयोजन हो चुके हैं, जिनमें लगभग 3 लाख 43 हजार लोगों ने भाग लिया और करीब 1 लाख 46 हजार लोगों ने रक्तदान किया। संस्था रक्तदान के अलावा स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय है।