सरगुजा
अंबिकापुर, 19 नवंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद राजभवन ने कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को पद से हटाने का आदेश जारी किया है। इसके बाद कुलपति ने उन्हें तत्काल प्रभाव से कुलसचिव के दायित्वों से मुक्त कर दिया है। उनके स्थान पर उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को आगामी आदेश तक कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें वित्तीय जिम्मेदारी भी दी गई है।
लोक भवन रायपुर के राज्यपाल के अवर सचिव की ओर से 18 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया गया था। राजभवन के निर्देश के पालन में विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉ. त्रिपाठी को उनके पद से भारमुक्त कर दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लोकपाले और कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी के बीच काफी समय से मतभेद चल रहे थे। कुलपति ने कुलसचिव की शैक्षणिक योग्यता और पद के लिए निर्धारित पात्रता को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में विकास कार्यों के नाम पर खर्च की गई राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया था।
इस संबंध में कुलपति ने राज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की थी।
बताया जाता है कि शिकायत के बाद राजभवन ने कुलसचिव को हटाने के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग को पत्र भेजा था। इसके बाद उन्हें पदमुक्त करने की कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी जनकपुर स्थित शासकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थे। राज्य शासन ने उन्हें प्रतिनियुक्ति पर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने मार्च 2024 में कुलसचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया था।