सरगुजा

चक्रवाती तूफान अकवान का असर: सरगुजा संभाग में बारिश से बदला मौसम, 2 दिन और छाए रहेंगे बादल
21-Nov-2026 11:08 PM
चक्रवाती तूफान अकवान का असर: सरगुजा संभाग में बारिश से बदला मौसम, 2 दिन और छाए रहेंगे बादल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

अंबिकापुर, 21 नवंबर। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार दोपहर बाद संभाग के कई क्षेत्रों में वर्षा हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा जिले में 17.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान बढक़र 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बारिश और बादलों की वजह से ठंड का असर फिलहाल कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। सरगुजा और बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

धान की कटाई और खरीदी पर पड़ा असर

बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की कटाई और मिसाई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं, बारिश के चलते धान खरीदी केंद्रों में भी व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी बढ़ सकती है। खुले में रखी धान की फसल और उपज को सुरक्षित रखने की चुनौती किसानों के सामने है। मौसम विभाग ने रविवार तक संभाग में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। हालांकि सोमवार से मौसम साफ होने और बादल छंटने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।


अन्य पोस्ट