सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 20 नवंबर। शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सीतापुर में रसायन शास्त्र विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसमें 250 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर के सहायक प्रबंधक स्वपनिल पाटिल, समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र बतौली के दुर्गा प्रसाद शर्मा, रितु पैंकरा तथा महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. सी. टोप्पो ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
मुख्य वक्ता स्वपनिल पाटिल ने विद्यार्थियों को भारतीय रिजर्व बैंक की विभिन्न योजनाओं, शैक्षणिक ऋण, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा तथा आरबीआई की शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ दुर्गा प्रसाद शर्मा ने यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग के उपयोग, ऑनलाइन लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर ठगी से बचाव के तरीकों को समझाया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. सी. टोप्पो ने विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने और सुरक्षित निवेश के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।
डॉ. बोधराम चौहान ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली छोटी-छोटी वित्तीय समस्याओं और उनसे बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं आईक्यूएसी प्रभारी श्रीमती शीला खेस ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का दायरा केवल बैंक खाता खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भविष्य की आर्थिक सुरक्षा, धन का उचित प्रबंधन और नियमित बचत भी शामिल है।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. रोहित कुमार बरगाह ने वित्तीय साक्षरता के उद्देश्यों, धन के बेहतर निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन भी उन्होंने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. स्नेहलता खलखो, डॉ. बोधराम चौहान, श्रीमती शीला खेस, सुनील नाग, आदेश गुप्ता, रामकिशुन टाइगर, डॉ. अमर सिंह, अनिल कुमार, अंजलि, दोपेंद्र कौशिक सहित रसायन शास्त्र विभाग की शिक्षिकाएं सोनाली लकड़ा, राधा कुजूर, रोशनी खेस एवं देवानंद सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।