सरगुजा

नवंबर में ही ठंड ने दिखाए कड़े तेवर, अंबिकापुर का पारा 7.6 डिग्री
19-Nov-2026 8:20 PM
नवंबर में ही ठंड ने दिखाए कड़े तेवर, अंबिकापुर का पारा 7.6 डिग्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 नवंबर। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंबिकापुर में मौसम के बदलते मिजाज के बीच नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ही सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो मौजूदा सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, मैनपाट सहित संभाग के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा 7 डिग्री के आसपास या उससे नीचे पहुंच गया है।

पिछले 48 घंटों के दौरान अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री की कमी आई है। बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं गुरुवार को इसमें और गिरावट आ गई। तापमान में आई इस अचानक कमी से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। ठंड का असर दिन के तापमान पर भी पड़ा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में कम रहा।

पाट इलाकों में दिन में भी महसूस हो रही ठंड

संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट समेत अन्य पाट क्षेत्रों में सर्दी का असर मैदानी इलाकों से ज्यादा है। यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे पहुंचने के कारण रातें काफी ठंडी हो गई हैं। दिन के समय भी ठंडी हवाएं चलने और अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शाम ढलते ही बाजारों और सडक़ों पर आवाजाही कम होने लगी है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह के समय भी ठिठुरन के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

चक्रवाती तूफान से मौसम में बदलाव के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अकवान चक्रवाती तूफान का सरगुजा संभाग में आंशिक प्रभाव पड़ सकता है। इसके चलते आसमान में बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। बादलों के प्रभाव से उत्तर दिशा से आने वाली शुष्क हवाओं की रफ्तार कम हो सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी होने के आसार हैं। हालांकि, मौसम साफ होते ही एक बार फिर तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

सात दिनों में ऐसे बदला तापमान

अंबिकापुर में 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था। 14 नवंबर को यह 11.4, 15 नवंबर को 12.6, 16 नवंबर को 13 और 17 नवंबर को 13.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद 18 नवंबर को तापमान अचानक गिरकर 9.2 डिग्री और 19 नवंबर को 7.6 डिग्री पर पहुंच गया। महज दो दिनों में तापमान में आई इस गिरावट ने ठंड का असर बढ़ा दिया है।

मौसम में अचानक आए बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। सर्दी-जुकाम, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बढऩे लगे हैं। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है।


अन्य पोस्ट