सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 नवंबर। अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर गुरुवार को सरगुजा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने मोर्चा खोल दिया। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 700 से 800 की संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं एकत्रित होकर कलेक्टोरेट पहुंचीं। यहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा विभागीय सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करती आ रही हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है और न ही समस्याओं का संतोषजनक निराकरण किया गया है। इससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन में संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा भी स्पष्ट की है। इसके तहत प्रथम चरण में 17 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय एवं द्वितीय चरण में 11 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026 तक दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय ध्यानाकर्षण कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को अंबिकापुर में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं जुटीं और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी हड़ताल
संघ ने ज्ञापन के माध्यम से शासन को चेतावनी दी है कि ध्यानाकर्षण प्रदर्शन के बाद भी यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया जाता है तो प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगी।
इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी और लगातार होती नारेबाजी से कलेक्टोरेट परिसर में आंदोलन का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में अपनी मांगों को पूरा करने की मांग उठाते हुए शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।