सरगुजा
18 वर्ष से कम उम्र के बंदियों का किया सत्यापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 नवंबर। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को केंद्रीय जेल अंबिकापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में निरुद्ध ऐसे बंदियों का सत्यापन किया गया, जिनकी उम्र 18 वर्ष के आसपास या उससे कम होने की संभावना है। टीम के सदस्यों ने संबंधित बंदियों से पूछताछ कर उनकी जन्मतिथि, जन्मस्थान और आपराधिक प्रकरणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिन बंदियों की उम्र 18 वर्ष से कम होने की आशंका पाई गई, उनके दस्तावेजों एवं प्रकरणों की जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही संबंधित बंदियों की फाइल किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान टीम ने केंद्रीय जेल में निरुद्ध महिला बंदियों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं जेल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण दल में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य देववंती साहू एवं रानू पांडेय, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी सुमंती खाखा, काउंसलर एवं परामर्शदाता राखी तिवारी, आउटरीच वर्कर सुशील यादव तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान लखनपुर के प्रदेश सचिव सुरेंद्र साहू शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय जेल अधीक्षक सहित जेल के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।