सरगुजा

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने किया 36 घंटे के उपवास का पारण
16-Nov-2026 9:00 PM
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने किया 36 घंटे के उपवास का पारण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,16 नवंबर। लोकआस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन सोमवार सुबह उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना करते हुए भगवान सूर्य की आराधना की और 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। इस दौरान शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने के बाद सोमवार तडक़े से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कई व्रती परिवारों ने घाटों पर ही पूरी रात बिताई और सूर्योदय की प्रतीक्षा की। वहीं, कुछ श्रद्धालु शाम की पूजा के बाद घर लौट गए थे और सुबह चार बजे से ही दोबारा घाटों पर पहुंचने लगे थे।

अंबिकापुर में शंकरघाट, खर्रा घाट, घुनघुट्टा नदी, मेंड्रा छठ घाट, शिवसागर तालाब सहित कुल 14 छठ घाटों पर पूजा-अर्चना की व्यवस्था की गई थी। शंकरघाट पर हजारों परिवारों ने भगवान सूर्य की उपासना की।

यहां पूरी रात जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु छठी मइया के भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। शिवसागर तालाब में भी देर रात तक छठ गीतों की गूंज बनी रही और बड़ी संख्या में व्रतियों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।

पैलेस घाट में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने सैकड़ों श्रद्धालुओं से मुलाकात कर आशीर्वाद मांगा।

घुनघुट्टा नदी स्थित खर्रा घाट पर रविवार शाम और सोमवार सुबह गंगा आरती का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने घाट पर ही रात्रि विश्राम किया। पूरी रात जागरण और भक्ति संगीत के कार्यक्रम चलते रहे। शहर के अन्य छठ घाटों पर भी इसी तरह भक्तिमय माहौल बना रहा।

अंबिकापुर के साथ ही पूरे सरगुजा संभाग में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। संभाग के नगरीय निकायों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से सूर्योपासना कर छठ महापर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न किया।


अन्य पोस्ट