सरगुजा
रास्ते में अफसरों ने रोककर सुनी समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,16 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुहपुटरा की शैक्षणिक व्यवस्था से नाराज 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होने, शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने और विषयवार शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थी करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपनी शिकायत लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से मिलने लखनपुर ब्लॉक मुख्यालय के लिए निकल पड़े। विद्यार्थियों के इस कदम से शिक्षा विभाग में हडक़ंप मच गया।
पैदल चलते हुए छात्र-छात्राएं कैमरा जनपद कार्यालय के पास पहुंचे, जहां सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रास्ते में रोककर उनसे चर्चा की और समस्याओं की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ होने के बावजूद पढ़ाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। हिंदी, कृषि एवं कला संकाय में विषयवार शिक्षकों की कमी के कारण बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि कई शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और नियमित कक्षाएं भी नहीं लगतीं। ऐसे में परीक्षा नजदीक होने के बावजूद पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा है।
इस दौरान एक छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसने शिक्षकों के समय पर विद्यालय पहुंचने की बात उठाई तो प्रभारी प्राचार्य ने टीसी काटने की धमकी दी। विद्यार्थियों ने विद्यालय में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने, भवन निर्माण अधूरा रहने और अब तक शैक्षणिक भ्रमण नहीं कराए जाने की शिकायत भी की। उनका कहना था कि शैक्षणिक भ्रमण की मांग करने पर फंड की कमी का हवाला देकर बात टाल दी जाती है।
विद्यार्थियों के पैदल बीईओ कार्यालय जाने की सूचना पर बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर सभी छात्र-छात्राओं को वापस विद्यालय भेजा गया।
विद्यालय पहुंचकर बैठक, शिकायतों पर चर्चा
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक टीम विद्यालय पहुंची। यहां स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर विद्यार्थियों की शिकायतों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर आवश्यक पहल करने की बात कही।
शैक्षणिक भ्रमण को लेकर प्राचार्य और विद्यार्थियों में मतभेद
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच मुख्य रूप से शैक्षणिक भ्रमण को लेकर विवाद है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के लिए देवगढ़ जाने की अनुमति मिली है, लेकिन विद्यार्थी किसी अन्य स्थान पर भ्रमण के लिए जाना चाहते हैं।
विद्यालय में बैठक के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि पढ़ाई में व्यवधान या शिक्षकों की कमी की समस्या सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उसका निराकरण किया जाएगा।
वहीं, प्रभारी प्राचार्य गोकुल प्रसाद जांगड़े ने बताया कि सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना था। उन्होंने विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई संचालित होने की बात कही।