सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 नवंबर। सरगुजा पुलिस ने मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक महिला और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा छेड़छाड़ करने का आरोप है। कोतवाली पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 3.30 बजे रसीद शाह के घर के पास उसकी भांजी से कुछ लोगों ने पूछताछ करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से एकजुट होकर प्रार्थिया और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। प्रार्थिया ने आरोपियों पर लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 291, 351(3), 115(2), 127(2), 3(5), 111 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रसीद शाह अंबिकापुर, मो. इरफान खान ग्राम बोंगा, थाना रमकोला, हाल मुकाम अंबिकापुर, इमाम असगर झारखंड, हाल मुकाम अंबिकापुर और इमरान खान अंबिकापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले के मुख्य आरोपी रसीद शाह के खिलाफ पूर्व में भी अंबिकापुर थाने में कई अपराध दर्ज हैं और उन मामलों में न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और संगठित अपराध से जुड़े होने के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी है।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।