सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 14 नवंबर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) सरगुजा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में अम्बिकापुर के नवपदस्थ नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक वसाड़े से सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों से तेज आवाज कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और तेज रफ्तार में वाहन चलाकर सडक़ों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही मल्टीपरपज स्कूल, कॉलेज ग्राउंड, पॉलिटेक्निक मैदान एवं बीटीआई मैदान में रात के समय खुलेआम शराबखोरी की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई।
कैट पदाधिकारियों ने शहर में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने तथा रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों से आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को असुविधा होती है।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक वसाड़े ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा। नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर कैट प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, संरक्षक सुनील अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, उपाध्यक्ष सतीश अग्रवाल, मंत्री अमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजू छाबड़ा, पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल एवं महामंत्री अभिषेक सिंह उपस्थित रहे।
कैट सरगुजा ने कहा कि शहर में सुरक्षित वातावरण और भयमुक्त व्यापारिक माहौल बनाने के लिए संगठन पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करता रहेगा।