सरगुजा
अंबिकापुर, 14 नवंबर। साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को अपना बैंक खाता किराए पर देने वाले म्यूल अकाउंट धारकों पर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सरगुजा साइबर सेल की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने वर्ष 2024 के प्रकरण में अंबिकापुर के एक युवक के विरूद्ध अपराध दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल पर दो राज्यों से एक लाख से अधिक की ठगी संबंधी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसकी सूची पुलिस महानिरीक्षक एसआईबी, सीसीटीएनएस साइबर क्राइम, नवा रायपुर डॉ. ध्रुव गुप्ता के कार्यालय से पुलिस अधीक्षक सरगुजा को भेजी गई थी। इसमें गुजरात राज्य के जिला कानबा, थाना अहमदाबाद रूरल से 1,03,495 रुपये और राजस्थान राज्य के जिला जयपुर, थाना कानोता से 3,980 रुपये की ठगी का मामला संज्ञान में लाया गया था।
साइबर सेल सरगुजा के नोडल अधिकारी से प्राप्त पत्र का अवलोकन करने पर कोतवाली थाना पुलिस ने पाया कि मोबाइल नंबर धारक रितिक रौशन एक्का पिता बेंजामिन एक्का, निवासी गोधनपुर वसुन्धरा विहार के पीछे का एचडीएफसी बैंक में खाता है, जिसका म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग हुआ है, और कुल एक लाख 7 हजार 475 रुपये की ठगी इस खाते में हुई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले में धारा 420 भादवि का अपराध पाते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पूछताछ में संदेही, आरोपी ने अपने खाते को चंद रुपये के प्रलोभन में आकर अन्य किसी को देना स्वीकार किया। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।