सरगुजा
सीसीटीवी में 3 आरोपी कैद
लुण्ड्रा,14 नवंबर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना अंतर्गत लमगांव हनुमान मंदिर में मूर्तियों से चांदी का मुकुट चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को मंदिर में घुसकर तीन लोगों ने अंजाम दिया है, जो सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष जगेश्वर गुप्ता ग्राम चोरकीडीह ने चैकी रघुनाथपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 12 नवम्बर को देर रात करीब 1.34 बजे अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुस गए और भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की मूर्तियों में लगे चांदी का परत चढ़े 5 मुकुट को चोरी करके ले गए। मुकुटों की कीमत लगभग 7 हजार रुपये है। मंदिर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में 3 व्यक्ति अंदर घुसते और बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन अंधेरा होने के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं है।
पुलिस चौकी में की गई शिकायत के आधार पर लुण्ड्रा थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 331(4), 305(घ), 3(5) के तहत अपराध कायम करके विवेचना में लिया है, और सीसीटीव्ही में कैद हुए चोरों के तलाश में लगी है।