सरगुजा
अंबिकापुर, 14 नवंबर। कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरापारा निवासी एक महिला के खाते से 98 हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति के द्वारा पार कर देने का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, शांतनु गुप्ता घुटरापारा ने लिखित आवेदन देकर बताया है कि उसकी मां सीमा गुप्ता का बैंक ऑफ इंडिया में खाता है, जो मोबाइल नंबर से लिंक है। गत 6 नवम्बर को अनजान नम्बर से उसकी मां के नंबर पर कॉल आया। शांतनु ने फोन उठाया तो दूसरी तरफ से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिलने पर वह फोन काट दिया। कुछ दिन बाद जब वह खाते का स्टेटमेंट चेक किया तो पता चला कि उसी दिन यूपीआई के जरिए 98 हजार रुपये कट गए हैं। युवक ने इसकी जानकारी अपनी मां को देने के बाद कोतवाली थाना पुलिस को लिखित में ठगी की घटना से अवगत कराया है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।