सरगुजा

वोट बचाओ देश बचाओ अभियान: सिंहदेव और अमरजीत ने भाजपा व चुनाव आयोग पर साधा निशाना
12-Nov-2026 8:59 PM
वोट बचाओ देश बचाओ अभियान: सिंहदेव और अमरजीत ने भाजपा व चुनाव आयोग पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 नवंबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण के तहत 11 नवंबर से मंडल स्तर पर चौपाल कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा सरगुजा संभाग के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने अभियान के पहले दिन सीतापुर, रघुनाथपुर और अंबिकापुर शहर के विशुनपुर मंडल में आयोजित चौपाल कार्यक्रमों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पहले दिन सरगुजा जिले के सात मंडलों में चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत अंबिकापुर शहर के विशुनपुर मंडल की जिम्मेदारी पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और सीतापुर मंडल की जिम्मेदारी पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत को सौंपी गई है।

चौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने आरोप लगाया कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को नियंत्रित कर लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने के बाद अब केंद्र सरकार की नजर राशनकार्ड और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आधार कार्ड के स्थान पर वोटर कार्ड को योजनाओं का आधार बनाने की तैयारी गरीबों को सरकारी सुविधाओं से वंचित करने की कोशिश है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग के माध्यम से भाजपा सरकार ने मतदाता सूची को नागरिकता से जोडऩे की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक वर्ष पहले ही आशंका जताई थी कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं और भविष्य में राशन, जमीन के पट्टे तथा आयुष्मान योजना जैसी सुविधाओं को भी इससे जोड़ा जा सकता है। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब आधार के स्थान पर वोटर कार्ड को सरकारी योजनाओं का आधार बनाने की तैयारी कर रही है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में लोकतंत्र की रक्षा और उसकी पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष कर रही है।

16 से बूथ स्तर पर शुरू होगी चौपाल

कांग्रेस की ओर से बताया गया कि कथित मतदाता सूची अनियमितताओं के विरोध में 2 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की विशाल रैली आयोजित की गई थी। अभियान के तीसरे चरण में मंडल और बूथ स्तर पर चौपाल आयोजित कर मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और उनके संभावित प्रभावों को आम लोगों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

15 नवंबर तक मंडल स्तरीय चौपाल आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 16 से 25 नवंबर तक बूथ स्तर पर चौपाल और सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

इन कार्यक्रमों के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग मंडलों और बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले सभी दस मंडलों के प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत 18 नवंबर को सरगुजा जिले में आयोजित बूथ स्तरीय चौपाल में शामिल होंगे।

चौपाल कार्यक्रमों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट