सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 11 नवंबर। जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर बुधवार को लखनपुर के साक्षरता मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य (करमा महोत्सव) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। मांदर की गूंजती थाप, पारंपरिक करमा गीतों और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन स्थल को आदिवासी लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।
महोत्सव का सबसे खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल खुद को मांदर की थाप पर थिरकने से नहीं रोक सके। वे अपने नन्हे पोते को कंधे पर बैठाकर करमा नृत्य दलों के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। मंत्री का यह सहज और उत्साहपूर्ण अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करते हुए किया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने सामूहिक करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मांदर की थाप पर कलाकारों के शानदार तालमेल और पारंपरिक गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
74 ग्राम पंचायतों के कलाकारों की प्रतिभा का प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विकासखंड के चार सेक्टर तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा के अंतर्गत आने वाली 74 ग्राम पंचायतों के कलाकारों की प्रतिभा देखने को मिली। सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता रहे 12 नृत्य दलों ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रत्येक दल ने पारंपरिक नृत्य शैली और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक प्रस्तुत की।
नन्हीं बच्चियों की प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल
महोत्सव में छोटी-छोटी बच्चियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कम उम्र में ही अनुभवी कलाकारों के साथ कदम मिलाकर करमा नृत्य करती बच्चियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इन प्रस्तुतियों ने जनजातीय संस्कृति की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोढ़ी कला को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली शैला पार्टी, तराजू भी जिला स्तर पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, चंद्रिका यादव, राजेंद्र जायसवाल, सचिन अग्रवाल, विक्रम सिंह, महेश्वर राजवाड़े, बुधन सिंह, पार्षद उर्मिला खलखो, एसडीएम रामराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री एवं नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
करमा महोत्सव ने एक बार फिर साबित किया कि मांदर की थाप और करमा के गीत महज मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं।