सरगुजा

25 साल से उपेक्षित संत हर केवल तालाब की बदली सूरत, मिला नया जीवन
11-Nov-2026 8:24 PM
25 साल से उपेक्षित संत हर केवल तालाब की बदली सूरत, मिला नया जीवन

छठ महापर्व से पहले तालाब का कराया गया कायाकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 नवंबर। शहर के वार्ड में स्थित संत हर केवल तालाब, जो पिछले करीब 25 वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहा था, अब अपनी बदली हुई तस्वीर के साथ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। वर्षों से गंदगी, कचरे और जलकुंभियों से पटे इस तालाब को नया जीवन देने में वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता की पहल और लगातार किए गए प्रयासों की अहम भूमिका रही है। छठ महापर्व को देखते हुए इस बार तालाब की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

एक समय ऐसा था जब तालाब की स्थिति बेहद खराब थी। पानी में गंदगी और जलकुंभियों का जमावड़ा होने के कारण यहां श्रद्धालुओं और वार्डवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। तालाब की बदहाल स्थिति को देखते हुए पार्षद मनोज गुप्ता ने इसकी सफाई और व्यवस्थित विकास का बीड़ा उठाया। उन्होंने लगातार इस दिशा में प्रयास किए और तालाब की सफाई को प्राथमिकता देते हुए संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया। लंबे समय तक चले प्रयासों का परिणाम अब तालाब की बदली हुई तस्वीर के रूप में सामने आया है।

इस बार छठ महापर्व को लेकर तालाब में विशेष तैयारियां की गई हैं। तालाब के पानी की सफाई कराई गई है, वहीं आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने पर ध्यान दिया गया है। तालाब के चारों ओर रोशनी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी और सजावट के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे पूरे परिसर की सुंदरता बढ़ गई है।

छठ पर्व पर व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं को अघ्र्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तालाब की बदली सूरत देखकर वार्डवासी भी काफी खुश हैं। उनका कहना है कि वर्षों से उपेक्षित पड़े तालाब को लंबे समय बाद नया जीवन मिला है। जिस स्थान पर कभी गंदगी और बदहाली नजर आती थी, आज वहां साफ-सफाई और सुंदर व्यवस्था दिखाई दे रही है।

वार्डवासियों ने पार्षद मनोज गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि की सक्रियता और इच्छाशक्ति हो तो उपेक्षित सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर भी बदली जा सकती है। संत हर केवल तालाब का कायाकल्प इसका उदाहरण बनकर सामने आया है।


अन्य पोस्ट