सरगुजा

सिकल सेल और थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों के लिए 14 को नि:शुल्क एचएलए जांच शिविर
11-Nov-2026 8:24 PM
सिकल सेल और थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों के लिए 14 को नि:शुल्क एचएलए जांच शिविर

जर्मनी से मंगाई जा रही विशेष किट से होगी जांच, बेंगलुरु के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 नवंबर। सिकल सेल और थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारियों से जूझ रहे बच्चों को बेहतर उपचार और स्थायी स्वास्थ्य की उम्मीद दिलाने के उद्देश्य से काश फाउंडेशन रायपुर द्वारा 14 नवंबर को अंबिकापुर में नि:शुल्क ॥रु्र जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 12 वर्ष तक के बच्चों की एचएलए जांच नि:शुल्क की जाएगी। इसके लिए लगभग 10 हजार रुपये मूल्य की विशेष जांच किट जर्मनी से मंगाई जा रही है।

शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक महाराजा अग्रसेन भवन, अग्रसेन चौक, खरसिया रोड, बसंत टॉकीज के पास किया जाएगा। अब तक लगभग 120 बच्चों का पंजीयन हो चुका है। जांच के लिए पीडि़त बच्चे के साथ उसके माता-पिता और भाई-बहनों के नमूने लिए जाएंगे। खास बात यह है कि पूरी जांच मुंह की लार के नमूने से होगी, जिसके लिए किसी प्रकार के इंजेक्शन या सुई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जांच रिपोर्ट लगभग तीन महीने बाद जर्मनी से प्राप्त होगी।

इस शिविर में नारायणा हेल्थ सिटी, बेंगलुरु के प्रसिद्ध पीडियाट्रिक हेमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सुनील भट्ट बच्चों की जांच और परामर्श करेंगे। वे बीमारी के उपचार, दवाइयों, खानपान, रक्त चढ़ाने की आवश्यकता तथा बोन मैरो ट्रांसप्लांट की संभावनाओं के संबंध में जानकारी देंगे। सिकल सेल और थैलेसीमिया के अलावा ल्यूकेमिया, अप्लास्टिक एनीमिया एवं ब्लड कैंसर से पीडि़त बच्चों को भी विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि बोन मैरो ट्रांसप्लांट कुछ पात्र मरीजों के लिए स्थायी उपचार का विकल्प हो सकता है। एचएलए जांच के माध्यम से संभावित डोनर और मरीज के बीच मिलान की संभावना का पता लगाया जाता है।

काश फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से छत्तीसगढ़ में इन बीमारियों से पीडि़त बच्चों की सहायता कर रहा है। संस्था के अनुसार, अब तक 152 बच्चों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जा चुका है। शिविर में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर सहित आसपास के जिलों के बच्चे शामिल होंगे। आयोजन में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का विशेष सहयोग रहेगा।

पंजीयन एवं जानकारी के लिए 78790 07715, डॉली  62660 44011 पर संपर्क कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट