सरगुजा

दीपों की रोशनी से निखरा घर-आंगन, खुशियों के रंग में सराबोर हुआ शहर
10-Nov-2026 8:25 PM
दीपों की रोशनी से निखरा घर-आंगन, खुशियों के रंग में सराबोर हुआ शहर

रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक रंगोलियों और आतिशबाजी के बीच मनी दीपावली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 नवंबर। रोशनी, उमंग और खुशियों का पर्व दीपावली शहर में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली को लेकर कई दिनों से घरों और आंगनों में चल रही तैयारियां पर्व के दिन खूबसूरत नजारे में तब्दील हो गईं। घरों को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और दीपों से सजाया गया। शाम होते ही पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा। घरों के आंगन से लेकर मुख्य द्वार तक दीपों की कतारों ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।

दीपावली के अवसर पर सुबह से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई और सजावट के साथ आंगन में आकर्षक रंगोलियां बनाईं। कहीं फूलों से रंगोली सजाई गई तो कहीं रंगों के खूबसूरत संयोजन से मनमोहक आकृतियां उकेरी गईं। घरों के प्रवेश द्वार पर दीप जलाकर और आकर्षक सजावट कर मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां की गईं।

शाम होते ही परिवार के सभी सदस्य नए और आकर्षक परिधानों में सज-धजकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देने और मिठाइयां बांटने का सिलसिला शुरू हुआ।

रात होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। बच्चों में पटाखे फोडऩे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। फुलझडिय़ों, अनार और रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा। बच्चे अपने परिजनों के साथ पटाखे जलाते और दीपावली की खुशियां मनाते नजर आए। युवाओं ने भी उत्साह के साथ पर्व में भागीदारी निभाई।

खास बात यह रही कि दीपावली का उत्सव केवल घरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मोहल्लों में भी सामूहिक खुशियों का माहौल देखने को मिला।

लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर बधाइयां दीं और मिठाइयों के साथ खुशियां साझा कीं। बच्चों की खिलखिलाहट, दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी की चमक ने दीपावली की शाम को यादगार बना दिया। आपसी प्रेम, भाईचारे और उल्लास के साथ मनाए गए इस पर्व ने एक बार फिर परिवार और समाज को खुशियों के सूत्र में बांध दिया।


अन्य पोस्ट