सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 नवंबर। जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता में माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न उपलब्धियां हासिल कीं।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सिमरन भगत ने 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सिमरन भगत और तनय सिंह की जोड़ी ने बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्णिम सफलता दर्ज की।
विद्यालय की खेल शिक्षिका खुशबू ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों से विद्यालय का मान बढ़ाया है। उन्होंने 38वें नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि खुशबू लगातार छह बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
विद्यार्थियों और खेल शिक्षिका की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय के निदेशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, प्रतीक दीक्षित, दीपेश गुप्ता एवं नितेश मेहता ने सभी की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडेय एवं प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की उपलब्धियां भी बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।