सरगुजा

छत्तीसगढ़ की पीईकेबी कोयला खदान को पांचवीं बार मिला 5-स्टार सम्मान और 5 स्टार अचीवर्स प्राइज
07-Nov-2026 6:38 PM
छत्तीसगढ़ की पीईकेबी कोयला खदान को पांचवीं बार मिला 5-स्टार सम्मान और 5 स्टार अचीवर्स प्राइज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 नवंबर। सरगुजा जिले में स्थित परसा ईस्ट एंड कांटा बासन (पीईकेबी) ओपनकास्ट कोयला खदान को भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के वार्षिक स्टार रेटिंग मूल्यांकन में ‘5-स्टार रेटिंग’ और ‘5 स्टार अचीवर्स प्राइज’ से सम्मानित किया गया है। पीईकेबी खदान को लगातार पांचवीं बार यह रेटिंग प्राप्त हुई है। 2 नवंबर को रायपुर में आयोजित ‘स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह-2026’ के दौरान कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान खदान को सुरक्षित, वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल खनन पद्धतियों के लिए दिया गया है।

पीईकेबी खदान का संचालन परसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड द्वारा किया जाता है, जो राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की 4,340 मेगावाट क्षमता वाली तापीय विद्युत परियोजनाओं को कोयला आपूर्ति करती है। माइन डेवलपर एवं ऑपरेटर के रूप में अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज द्वारा संचालित पीईकेबी और गारे पेलमा सेक्टर-3 दोनों खदानों को 5-स्टार रेटिंग मिली है।

 वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान देश भर की 50 कोयला खदानों (15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट) को 5-स्टार रेटिंग मिली है, जिनमें छत्तीसगढ़ की 5 खदानें शामिल हैं।

कोल कंट्रोलर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा नियुक्त स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा उत्पादन, सुरक्षा, तकनीकी नवाचार, पर्यावरणीय प्रबंधन और स्थानीय समुदाय कल्याण के मानकों पर मूल्यांकन किया गया था।


अन्य पोस्ट