सरगुजा

केआर टेक्निकल कॉलेज में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव
06-Nov-2026 11:04 PM
केआर टेक्निकल कॉलेज में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव

स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 नवंबर। संजय नगर स्थित के.आर. टेक्निकल कॉलेज में दीपावली उत्सव श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक विविधता के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली सजाओ, दीया सजाओ, मिठाई निर्माण और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों में दीपावली मनाने की परंपराओं को भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां लक्ष्मी, भगवान गणेश एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, आरती और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन ने जैन धर्म में दीपावली के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण, गौतम स्वामी से जुड़े प्रसंगों और कैवल्य ज्ञान की अवधारणा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जैन परंपरा में दीपावली आत्मज्ञान, आध्यात्मिक जागृति और अज्ञान के अंधकार से मुक्ति का प्रतीक है।

प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार और समाज में प्रेम, एकता, भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने पटाखों के अनावश्यक उपयोग से बचने और स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी कर उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारत के चारों सांस्कृतिक क्षेत्रों की दीपावली परंपराओं पर आधारित व्याख्यान और पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां रहीं। सहायक प्राध्यापक आशीष कुमार ने उत्तर भारत, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष घनश्याम मैत्री ने दक्षिण भारत, हिंदी विभागाध्यक्ष विनोद चौधरी ने पूर्वी भारत विशेषकर पश्चिम बंगाल की काली पूजा तथा भौतिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक जया कुमारी ने पश्चिम भारत की दीपावली परंपराओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और अनेकता में एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगोली सजाओ, दीया सजाओ, कुछ मीठा हो जाए और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकों से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक विनितेश गुप्ता ने किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और रामायण की कथा के माध्यम से दीपावली के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के साथ धनतेरस, छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की परंपराओं की जानकारी दी।

आयोजन को सफल बनाने में संस्कृति विभाग के प्रमुख संदीप डे, सदस्य श्रुति कश्यप एवं मोहम्मद तौशिक रजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं समूह प्रमुख संदीप डे, अंशिका सिंह, ममता दुबे एवं दीपशिखा अम्बष्ठ ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुडऩे के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।


अन्य पोस्ट