सरगुजा
लखनपुर, 6 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अंधला में लगभग पाँच वर्ष पूर्व निर्मित सामुदायिक शौचालय उचित रखरखाव और देखरेख के अभाव में बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। शौचालय परिसर का उपयोग मवेशियों को बांधने और चारा रखने के लिए किया जा रहा है।
महिला शौचालय लंबे समय से बंद होने के कारण महिलाओं को खुले में शौच जाने की विवशता है, वहीं पुरुष शौचालय में गंदगी और पानी-बिजली की समुचित व्यवस्था न होने से परेशानी बनी हुई है। परिसर में बिजली के तार टूटे हुए हैं और पानी के लिए ग्रामीणों को हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 11 महीने पहले शौचालय की मरम्मत के लिए राशि आहरित की गई थी, जबकि कार्य तीन महीने पहले शुरू हुआ था। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे पंचायत की कार्यप्रणाली और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इस मामले की जांच कर शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।